T20 World Cup 2026: टूर्नामेंट के पहले ही मैच में पाकिस्तान को नीदरलैंड्स के खिलाफ 147 रन चेज करने में पसीने छूट गए !
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने आखिरी ओवरों में बाज़ी पलटते हुए नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हरा दिया। मैच के हीरो रहे फहीम अशरफ, जिन्होंने मुश्किल हालात में 11 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर पाकिस्तान को हार के मुहाने से निकाल लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। माइकल लेविट और मैक्स ओ’डॉड ने तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन सलमान मिर्जा की गेंदबाजी के सामने डच बल्लेबाज टिक नहीं सके। लेविट ने 24 रन बनाए, जबकि कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने सबसे ज्यादा 37 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं नवाज, साईम और अबरार को दो-दो सफलताएं मिलीं।
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया। एक समय टीम ने 16.1 ओवर में 114 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। यहां से नीदरलैंड्स की जीत लगभग तय मानी जा रही थी।
ऐसे दबाव भरे माहौल में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फहीम अशरफ ने आक्रामक अंदाज अपनाया। 19वें ओवर में उन्होंने लोगन वैन बीक की गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका जड़ते हुए 24 रन बटोर लिए। इसके बाद पाकिस्तान ने 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच जिताऊ पारी के लिए फहीम अशरफ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की सफल शुरुआत की। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच खेला जाएगा, जबकि दिन का तीसरा मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के बीच होगा।
