आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति के बदले मांगे थे 12 हजार, सतर्कता टीम ने रंगे हाथ दबोचा
रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय प्रक्रियाओं को दरकिनार कर आम लोगों से अवैध वसूली करने वाले एक ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
शिकायतकर्ता, जो पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी के ठेकेदार के रूप में कार्यरत है, ने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ों की खरीद की थी। नियमानुसार पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य होता है।
इसी प्रक्रिया के तहत उसने 26 आम के पेड़ों की कटाई के लिए विधिवत आवेदन किया था। सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए और विभागीय अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण भी कर लिया गया था। इसके बावजूद फाइल को जानबूझकर लंबित रखा गया।
रिश्वत की मांग का खुलासा
आरोप है कि उद्यान विभाग में तैनात ज्येष्ठ निरीक्षक बादल पाण्डे ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के बदले 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने इस अवैध मांग को लेकर सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
ट्रैप ऑपरेशन और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। पूरी योजना के तहत 9 अप्रैल को आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की रकम सौंपी, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में की गई।
गिरफ्तार अधिकारी की पहचान बादल पाण्डे पुत्र बची राम पाण्डे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सतर्कता विभाग के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं. उन्होंने कहा यदि कोई व्यक्ति रिश्वत या भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी रखता है, तो वह सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर संपर्क कर सकता है.
