Udayprabhat
accidentuttrakhand

टिहरी में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा डंपर, दो लोगों की मौत

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। लम्बगांव क्षेत्र में एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम क्यारी के पास चारगांव रोड पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि डंपर अचानक नियंत्रण खो बैठा और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वाहन चढ़ाई चढ़ते समय ब्रेक न लगने के कारण अनियंत्रित हो गया। इसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर खाई में समा गया।

दोनों घायलों ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल चौंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

पुलिस के अनुसार डंपर चालक सूरज राठौड़ (उम्र लगभग 44 वर्ष), निवासी बहराइच (उत्तर प्रदेश) था। उसके साथ गजेन्द्र रांगड़ (उम्र लगभग 36 वर्ष), निवासी ग्राम रौणिया, टिहरी गढ़वाल भी सवार था। हादसे में दोनों की जान चली गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की स्थिति और तीखी चढ़ाई भी हादसे की वजह हो सकती है।

Leave a Comment