Udayprabhat
uttrakhand

रामनगर में सीएम धामी का दौरा, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, शीतकालीन यात्रा पर दिया बयान

रामनगर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रामनगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शहर में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनका अभिवादन करने पहुंचे।

हनुमान जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामनगर स्थित बालाजी मंदिर और हनुमान धाम छोई में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री अग्रवाल सभा में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और जनसेवा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ‘देवभूमि’ है और राज्य के प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों—केदारखंड और मानसखंड—के विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहा है। हर साल श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रस्तावित 2027 कुंभ मेले की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। साथ ही शीतकालीन यात्रा भी जारी है, जो चारधाम के कपाट खुलने तक चलेगी। अब तक लगभग एक लाख साठ हजार श्रद्धालु इस दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकाल में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जो राज्य में धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड को वैश्विक धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए।

Leave a Comment