Udayprabhat
uttrakhandदेश

उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती पर भव्य समारोह, राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी करेंगे शिरकत

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे, रजत जयंती समारोह में राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री होंगे शामिल, विधानसभा का विशेष सत्र भी आयोजित होगा.

देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार प्रदेश में रजत जयंती वर्ष के रूप में भव्य और दिव्य आयोजन की तैयारी चल रही है। 9 नवंबर 2025 को उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है।

राज्य सरकार ने देहरादून स्थित उत्तराखंड विधानसभा भवन में दो दिवसीय विशेष सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस सत्र में राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। विधानसभा सचिवालय ने इस विशेष सत्र को भावपूर्ण और भव्य बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विशेष सत्र आहूत करने का प्रस्ताव पारित किया गया, साथ ही तिथियों के निर्धारण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है।

इस बार का स्थापना दिवस इसलिए भी ऐतिहासिक होने जा रहा है क्योंकि इसमें देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों के शामिल होने की संभावना है। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित कर सकती हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे पर भी सहमति बन चुकी है और उनके आगमन की तिथि जल्द ही स्पष्ट होने की संभावना है।

राज्य स्थापना दिवस समारोह को रजत जयंती महोत्सव के रूप में मनाने के लिए सरकार विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा पर काम कर रही है। राजधानी देहरादून सहित प्रदेशभर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और विकास यात्राओं को प्रदर्शित करने वाली गतिविधियों का आयोजन होगा। सरकार का उद्देश्य है कि राज्य की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाया जाए और भविष्य की दिशा पर सामूहिक विचार-विमर्श किया जा सके।

विधानसभा विशेष सत्र की तिथियों की घोषणा के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के दौरे का शेड्यूल भी अंतिम रूप से तय कर लिया जाएगा। उत्तराखंड सरकार चाहती है कि इस रजत जयंती महोत्सव को न केवल प्रदेशवासियों बल्कि पूरे देश के लिए एक यादगार अवसर बनाया जाए।

Leave a Comment