सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का मामला, अनुसूचित समाज की भावनाएं आहत करने का आरोप
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप की मां को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देहरादून के चुक्खूवाला निवासी सागर सोनकर ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि केशव थलवाल नाम का व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार पुलिस और अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।
हाल ही में आरोपी ने एक पोस्ट में आईजी की फोटो के साथ उनकी मां को लेकर बेहद अभद्र टिप्पणी की, जिससे न सिर्फ अधिकारी की गरिमा पर सवाल उठे, बल्कि अनुसूचित समाज की भावनाएं भी आहत हुईं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नगर कोतवाली प्रभारी एनएस चौहान के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह वही केशव थलवाल है जिसने करीब 6 महीने पहले पुलिस पर हिरासत में मारपीट और अमानवीय व्यवहार के आरोप लगाए थे। हालांकि, आईजी राजीव स्वरूप के निर्देश पर हुई जांच में ये आरोप साबित नहीं हो सके और संबंधित पुलिसकर्मी धर्मेंद्र रौतेला को क्लीन चिट दे दी गई थी।
