Udayprabhat
uttrakhand

हेली बुकिंग ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 265 डिजिटल प्लेटफॉर्म कराए बंद

रुद्रप्रयाग पुलिस ने चारधाम हेली बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाली 265 वेबसाइट्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई की.

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा से पहले साइबर ठगी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पुलिस ने हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पिछले दो महीनों में कुल 265 वेबसाइट्स, सोशल मीडिया अकाउंट्स, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को बंद कराया है।

पुलिस के अनुसार, यात्रा सीजन शुरू होने से पहले ही साइबर ठग सक्रिय हो गए थे। ये ठग फर्जी वेबसाइट, फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं को सस्ते हेलीकॉप्टर टिकट का लालच दे रहे थे और उनसे पैसे ठग रहे थे।
इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने “साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स” का गठन किया। टीम ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी बढ़ाते हुए ठगों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की।

सोशल मीडिया पर बड़ी कार्रवाई

कार्रवाई के तहत 111 फेसबुक पेजों की पहचान की गई, जिनमें से 106 को हटवा दिया गया है। वहीं 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को संदिग्ध मानते हुए जांच के दायरे में लिया गया है। इसके अलावा ठगी में इस्तेमाल हो रहे 110 मोबाइल नंबरों में से 55 को ब्लॉक कर दिया गया है, जबकि बाकी नंबरों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है।

बैंक खातों पर शिकंजा: पुलिस ने ठगी से जुड़े 6 बैंक खातों की भी जांच की है, जिनमें से एक खाते को डेबिट फ्रीज कर दिया गया है। अन्य खातों पर भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर चल रही 22 संदिग्ध वेबसाइट्स को चिन्हित कर उन्हें बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एसपी की अपील: एसपी निहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट केवल IRCTC की आधिकारिक हेलीयात्रा पोर्टल से ही बुक करें। किसी भी अनजान लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापन पर भरोसा न करें।

उन्होंने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Comment