दो सिलेंडर की सीमा तय, दस्तावेज और अग्रिम आवेदन अनिवार्य, पारदर्शिता और जरूरतमंदों को प्राथमिकता देने पर जोर
देहरादून: शादी और विवाह समारोहों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब सिलेंडर केवल निर्धारित नियमों के तहत ही जारी किए जाएंगे, जिससे वितरण में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक जरूरतमंदों को प्राथमिकता मिल सके।
सीमित किए गए सिलेंडर, नियम हुए सख्त
जिलाधिकारी Savin Bansal के निर्देशानुसार, किसी भी विवाह समा4रोह के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक गैस सिलेंडर ही उपलब्ध कराए जाएंगे। यह फैसला गैस की उपलब्धता संतुलित रखने और अनावश्यक भंडारण को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
सिलेंडर प्राप्त करने के लिए आवेदक को 10 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र, शादी का कार्ड और आधार कार्ड जमा करना होगा। साथ ही आवेदन कार्यक्रम की तिथि से 10 से 12 दिन पहले करना अनिवार्य किया गया है।
यहां करें आवेदन
प्रशासन के अनुसार, आवेदन जिला पूर्ति कार्यालय और सभी तहसीलों के खाद्य अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक कार्यालयों में जमा किए जाएंगे। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित गैस एजेंसी के माध्यम से सिलेंडर अस्थायी रूप से दिया जाएगा, जिसे उपयोग के बाद वापस करना अनिवार्य होगा।
एजेंसियों को भी दिए गए निर्देश
जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों को अपने कुल व्यावसायिक स्टॉक का 10 प्रतिशत हिस्सा इस व्यवस्था के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। अब तक 75 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एजेंसियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
छात्रों और श्रमिकों के लिए राहत
छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों के लिए 5 किलो गैस सिलेंडर की सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे कम खपत वाले उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। क्विक रिस्पांस टीम (QRT) लगातार निगरानी कर रही है। हाल ही में नगर निगम क्षेत्र में चार घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जो व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे थे। प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
डीएम की क्यूआरटी ने नगर निगम देहरादून क्षेत्र अंतर्गत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए है. जिला प्रशासन द्वारा प्रसारित 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 के माध्यम से कुल 13 शिकायतें एलपीजी गैस की आपूर्ति के संबंध में दर्ज हुई है.कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग,देहरादून में एलपीजी गैस की आपूर्ति,सिलेंडर उपलब्धता या अन्य किसी प्रकार की समस्या को लेकर तत्काल कार्रवाई की जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में बीते दिन लगभग 13388 अधिक उपभोक्ताओं को घरेलू और 807 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है. एलपीजी का घरेलू 16767 और व्यवसायिक का 4442 स्टॉक उपलब्ध है. घरेलू के साथ ही व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर का लोड निरंतर बढ़ाया जा रहा है.
