देहरादून: उत्तराखंड में बदलते मौसम के बीच बढ़ रहे वायरल बुखार और संक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे मुख्यमंत्री को देख अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारी तत्काल सक्रिय हो गए।
मुख्यमंत्री ने आपातकालीन कक्ष, सामान्य वार्ड, दवा वितरण केंद्र और जांच इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय सुविधाओं की स्थिति जानी। कई मरीजों ने सुविधाओं में सुधार की बात कही, तो कुछ ने भीड़ और प्रतीक्षा समय पर चिंता जताई।

सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता, स्टाफ की नियमित उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गंभीर मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरतने और तीमारदारों को समय पर जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।
निजी अस्पतालों जैसी व्यवस्था लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों को निजी संस्थानों के समकक्ष सुविधायुक्त और भरोसेमंद बनाना है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और संसाधनों की उपलब्धता के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। देर रात तक चली इस कार्रवाई से साफ संकेत मिला कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
