जिलेवार पदों की संख्या जारी, रोजगार प्रयाग पोर्टल से होगा आवेदन
देहरादून: उत्तराखंड शिक्षा विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग के विभिन्न कार्यालयों और विद्यालयों में कुल 2364 पदों पर आउटसोर्स माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी। इस भर्ती को राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ा रोजगार अवसर माना जा रहा है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू
भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के रोजगार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। विभाग की ओर से अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
कार्यालयों और विद्यालयों में होगी तैनाती
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह भर्ती विभाग में सृजित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के मृत संवर्ग के रिक्त पदों पर की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती महानिदेशालय, माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, एससीईआरटी, शिक्षा बोर्ड रामनगर, मंडलीय अपर निदेशक कार्यालय, डायट संस्थान, मुख्य एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के साथ-साथ इंटर कॉलेज और हाईस्कूलों में की जाएगी।
जिलेवार पदों का विवरण जारी
रोजगार प्रयाग पोर्टल पर जिलेवार रिक्त पदों की संख्या भी जारी कर दी गई है।
उत्तरकाशी में 135, रुद्रप्रयाग में 106, टिहरी में 268, ऊधमसिंह नगर में 182, पिथौरागढ़ में 197, पौड़ी में 340, बागेश्वर में 89, अल्मोड़ा में 254, चमोली में 179, चंपावत में 120, देहरादून में 195, हरिद्वार में 91 तथा नैनीताल में 208 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्त किए जाने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को प्रति माह ₹15,000 मानदेय प्रदान किया जाएगा। इससे एक ओर कर्मचारियों को नियमित आय मिलेगी, वहीं दूसरी ओर शैक्षणिक संस्थानों और कार्यालयों में कार्य व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता
भर्ती प्रक्रिया में उत्तराखंड के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। विभाग का उद्देश्य राज्य के भीतर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
इस संबंध में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के 2364 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को शीघ्र ही विद्यालयों और कार्यालयों में तैनाती दी जाएगी। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अभ्यर्थियों के लिए निर्देश
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें और आवश्यक दस्तावेज सही ढंग से अपलोड करें। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
