Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने 6 प्रमुख भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर किया जारी, देखें पूरी सूची

देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। आयोग ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का अपडेटेड और संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। लंबे समय से परीक्षा तिथियों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह कैलेंडर तैयारी की दिशा तय करने में अहम साबित होगा।
आयोग के अनुसार, भर्ती परीक्षाओं का आयोजन मार्च 2026 से शुरू होकर मई 2026 तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। हालांकि UKPSC ने यह स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक कारणों या अन्य परिस्थितियों के चलते तिथियों में परिवर्तन संभव है।

14 मार्च को सचिवालय व UKPSC अपर निजी परीक्षा

कैलेंडर के मुताबिक, उत्तराखंड सचिवालय एवं UKPSC अपर निजी परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च 2026 को प्रस्तावित है। यह परीक्षा सचिवालय और आयोग के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों के लिए आयोजित की जाती है।

महिला कल्याण विभाग की स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च को

महिला कल्याण विभाग अधीक्षिका परीक्षा-2025 के लिए 22 मार्च 2026 को स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के माध्यम से महिला एवं बाल विकास से जुड़े विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।

न्यायिक सेवा मुख्य परीक्षा अप्रैल में

न्यायिक सेवाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी कैलेंडर में अहम जानकारी दी गई है। उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2023 की मुख्य परीक्षा 21 से 24 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।

PCS मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल तक

राज्य की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाने वाली उत्तराखंड सम्मिलित राज्य (सिविल) / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 (PCS) की मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल 2026 तक प्रस्तावित की गई है। इस परीक्षा में हर साल हजारों अभ्यर्थी शामिल होते हैं।

प्रवक्ता भर्ती परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम

माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 का विषयवार कार्यक्रम भी जारी किया गया है—
9 मई 2026 – भौतिक शास्त्र
10 मई 2026 – नागरिक शास्त्र
30 मई 2026 – हिंदी
31 मई 2026 – इतिहास
अन्य विषयों की परीक्षा तिथियां आयोग द्वारा अलग से घोषित की जाएंगी।

कुछ परीक्षाओं में स्थगन और बदलाव

कैलेंडर में यह भी बताया गया है कि—
डेरी विकास विभाग सहायक निदेशक परीक्षा-2025, जो पहले 12 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित थी, उसे अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा सितंबर 2025 में पूरी हो चुकी है। परिणाम घोषित होने के बाद कंप्यूटर परीक्षा की तिथि जारी की जाएगी।
सम्मिलित राज्य सिविल / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 की साक्षात्कार प्रक्रिया 16 मार्च 2026 से प्रस्तावित है।

Leave a Comment