पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक दुकान के भीतर व्यापारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह जब आसपास के दुकानदारों ने देखा कि धारा रोड स्थित एक दुकान खुली हुई है और दुकानदार अंदर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है, तो उन्होंने आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान के भीतर जांच-पड़ताल की।
कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पौड़ी शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय व्यापारियों में शोक का माहौल है। व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि व्यापारी समाज इस कठिन समय में मृतक के परिवार के साथ खड़ा है। वहीं, मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।
