देहरादून: देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र अंतर्गत एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड पर शुक्रवार शाम स्कूटी सवार तीन युवकों ने एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़ित वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट, निवासी शांति विहार, हरिद्वार बाईपास रोड ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेसकोर्स रोड पर स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोक लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की।
घटना के बाद आरोपी युवकों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल पत्रकार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
कोतवाली डालनवाला प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
