Udayprabhat
uttrakhand

नैनीताल में डीएम ने रद्द किए 35 लाइसेंस, UIN पंजीकरण न करने पर की कार्रवाई

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में शस्त्र लाइसेंस नियमों की अनदेखी करना 35 असलहा धारकों को महंगा पड़ गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राष्ट्रीय शस्त्र लाइसेंस पोर्टल पर यूआईएन (UIN) पंजीकरण न कराने वाले 35 शस्त्र लाइसेंसों को निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं। इस कार्रवाई से जिले के असलहा धारकों में हड़कंप मच गया है।

जिला प्रशासन द्वारा शस्त्र लाइसेंसों की नियमित समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कई लाइसेंस धारकों ने केंद्र सरकार द्वारा अनिवार्य किए गए राष्ट्रीय शस्त्र लाइसेंस पोर्टल पर अपने शस्त्रों का पंजीकरण और विवरण अद्यतन नहीं किया है। जबकि इसके लिए समय-समय पर सूचना देने के साथ पर्याप्त अवसर भी प्रदान किए गए थे।

जिलाधिकारी ने बताया कि शस्त्र अधिनियम एवं शासन के स्पष्ट निर्देशों के तहत सभी शस्त्र लाइसेंसों का डिजिटल पंजीकरण अनिवार्य है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी को गंभीर उल्लंघन मानते हुए जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखकर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।

डीएम ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि शस्त्र लाइसेंस केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक कानूनी जिम्मेदारी भी है। अवैध शस्त्रों पर नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन इस प्रकार की कार्रवाई करने को बाध्य है।

जिला प्रशासन ने सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने लाइसेंस का नवीनीकरण कराएं और राष्ट्रीय शस्त्र लाइसेंस पोर्टल पर यूआईएन पंजीकरण सहित सभी विवरण अपडेट करना सुनिश्चित करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना किसी अतिरिक्त सूचना के लाइसेंस निरस्त किए जा सकते हैं।

Leave a Comment