मसूरी आईटीबीपी अकादमी में राजस्थान के जवान ने आत्महत्या की.
देहरादून: उत्तराखंड के मसूरी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में तैनात एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान चेतराम मीणा (38) के रूप में हुई है, जो पिथौरागढ़ यूनिट से दो महीने पहले ही मसूरी ड्यूटी पर आए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनिट-14 पिथौरागढ़ में तैनात कांस्टेबल चेतराम मीणा पुत्र राम फल मीणा, निवासी ग्राम भौबता, पोस्ट बसवा, जिला दौसा (राजस्थान) ने अपने कमरे की खिड़की के कुंडे में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही ITBP की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
घटना स्थल पर वीडियोग्राफी कर शव को फंदे से उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासन को भी दी गई, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पहले भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि जवान ने जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में भी आत्महत्या का प्रयास किया था। उस समय उसे बचा लिया गया था। इस जानकारी के बाद आशंका जताई जा रही है कि जवान लंबे समय से मानसिक तनाव और परेशानी से गुजर रहा था।
घटना के बाद ITBP के उच्च अधिकारियों ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर सुरक्षा बलों में तैनात जवानों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव और परामर्श व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार ड्यूटी दबाव और पारिवारिक दूरी जवानों के मानसिक संतुलन को प्रभावित कर सकती है।
