चमोली: चमोली जिले के नंदानगर निवासी एक रिटायर्ड शिक्षक अंगद सिंह नेगी साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन के जरिए उन्हें ऊंचे मुनाफे का लालच देकर करीब 23 लाख 71 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस में दर्ज कराई है।
फेसबुक विज्ञापन से शुरू हुआ खेल
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि 7 अगस्त को वह घर पर फेसबुक चला रहे थे। इस दौरान उन्हें एक आकर्षक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman की अध्यक्षता और गूगल के सीईओ Sundar Pichai के सहयोग से 21 हजार रुपये के विशेष निवेश अवसर की जानकारी दी गई थी। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक कर उन्होंने अंत में मांगी गई जानकारी भरकर पंजीकरण कर लिया।
‘मुद्रा वन ट्रेड’ के नाम पर फर्जी निवेश योजना
शिकायत के अनुसार, 16 सितंबर 2025 को संजय नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को ‘मुद्रा वन ट्रेड’ से जुड़ा बताया। उसने पीड़ित को डिमेट अकाउंट खोलने और ट्रेडिंग के माध्यम से भारी मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। ठगों ने दावा किया कि जहां सामान्य बचत और एफडी पर 7 से 8 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलता है, वहीं उनकी ट्रेडिंग योजना से एफडी में 8 से 9 प्रतिशत मासिक वृद्धि संभव है।
10 लाख से शुरू, 23.71 लाख तक पहुंची रकम
लुभावने ऑफर के झांसे में आकर पीड़ित ने पहले 10 लाख रुपये निवेश किए। इसके बाद 16 सितंबर से 30 अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 23,71,000 रुपये जमा कराए गए। जब पीड़ित ने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो भुगतान नहीं हुआ। लगातार टालमटोल के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है।
पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस संबंधित बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में विज्ञापन और कॉल दोनों के फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है।
