Udayprabhat
देश

एशियाड में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का सफर समाप्त, सऊदी अरब ने 2-0 से हराया

भारत और सऊदी अरब के बीच अब तक चार बार आमना-सामना हुआ है। चारों ही बार भारत को हार का सामना करना पड़ा था। पहली बार दोनों 1982 में एशियाई खेलों में भिड़े थे। हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का सफर समाप्त हो गया है। प्री-क्वार्टर फाइनल यानी राउंड ऑफ-16 के मैच में सऊदी अरब ने भारत को 2-0 से हरा दिया। सऊदी अरब के लिए मोहम्मद खलील मार्रान ने दोनों गोल दागे। इससे पहले भारतीय महिला फुटबॉल टीम ग्रुप राउंड से ही बाहर हो गई थी। पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं थीं। सऊदी अरब की टीम ने शुरुआती 45 मिनट में कई काउंटर अटैक किए, लेकिन भारतीय डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। भारतीय टीम ने पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे हाफ में 51वें मिनट में सऊदी अरब के मोहम्मद खलील मार्रान ने अल शबात के शानदार क्रॉस पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो स्टाइल में हेडर से गोल दागा और अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 57वें मिनट में भी मार्रान ने शानदार स्किल दिखाते हुए मैच का और अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और सऊदी अरब ने मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सऊदी अरब की टीम काफी मजबूत है। उसने पिछले साल फीफा विश्व कप में चैंपियन अर्जेंटीना को हरा दिया था। हालांकि, एशियाई खेलों में सऊदी के सभी सीनियर प्लेयर्स नहीं खेल रहे, लेकिन उन्हें कम नहीं आंका जाना चाहिए। इस टीम के आगे भारतीय टीम ने कठिन चुनौती पेश की। हालांकि, सुनील छेत्री की अगुआई वाली टीम जीत दर्ज करने में कामयाब नहीं हो पाई।

Leave a Comment