Udayprabhat
राजनीति

संसद में मर्यादा तार-तार… जानिए रमेश बिधूड़ी और दानिश अली की पॉलिटिकल कुंडली

लोकसभा में बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने गुरुवार को सारी मर्यादाएं लांघ दीं. चर्चा के दौरान बिधूड़ी ने बसपा सांसद दानिश अली पर आपत्तिजनक टिप्पणी की. भाषा ऐसी कि ना तो हम आपको सुना सकते हैं और ना ही शब्दों में बता सकते हैं. बिधूड़ी के बयान ने विपक्षी दलों को हमले का मौका दे दिया है. अब बीजेपी भी बैकफुट पर नजर आ रही है. बिधूड़ी की टिप्पणियों को संसद की कार्यवाही से हटा दिया गया है. बीजेपी ने भी कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिनों में जवाब मांगा है. बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी के सांसद हैं. सूत्रों के मुताबिक लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मामले पर नाराजगी जताते हुए बिधूड़ी को चेतावनी दी है. हैरानी की बात ये भी है कि जिस वक्त रमेश बिधूड़ी शर्मनाक टिप्पणी कर रहे थे, तब वहां बैठे कई नेता हंस रहे थे. दरअसल, रमेश बिधूड़ी संसद के विशेष सत्र के चौथे दिन यानी गुरुवार को लोकसभा में चंद्रयान-3 की सफलता पर बोल रहे थे, तभी बीएसपी सांसद दानिश अली ने टिप्पणी की. इस पर रमेश बिधूड़ी इतना भड़क गए कि शब्दों की न्यूनतम मर्यादा तक भूल गए. दानिश अली को सदन के भीतर ही भला-बुरा कहने लगे. बिधूड़ी के बयान के दौरान ही संसद में हंगामा शुरू हो गया. विवाद विवाद बढ़ता देखकर बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद जताया.

Leave a Comment