हापुड़ में अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा किये गये लाठीचार्ज को लेकर प्रदेश भर के अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। जिसके चलते धामपुर में एसडीएम कार्यालय से लेकर तहसील कार्यालय तक जमकर धरना प्रदर्शन और पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी की गई। उक्त प्रकरण को लेकर बुद्धवार को धामपुर तहसील के अधिवक्ता हड़ताल पर रहे।
बार एसोसिएशन धामपुर के अध्यक्ष राजपाल सिंह एडवोकेट ने हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुये लाठी चार्ज का विरोध कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। अध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने बर्बर लाठी चार्ज कर अमानवीय कृत्य किया है। यहां तक की पुलिस ने महिला अधिवक्ताओं तक को नहीं बख्शा। लाठी चार्ज के दौरान कई अधिवक्ताओं को चोटें भी आई हैं।
पुलिस द्वारा निर्दोष व निहत्थे अधिवक्ताओं व महिला अधिवक्ताओं के साथ की गयी लाठी चार्ज मारपीट की घटना को लेकर सर्वसम्मत्ति से यह तय हुआ कि दोषी पुलिस कर्मियो के विरुद्ध शासन द्वारा तुरन्त एफ.आई.आर. की जाये एंव वकीलो पर दर्ज झूठे मुकदमें को निरस्त करने की मांग की गयी तथा दोषी पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया जाये। साथ ही अभी तक एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू न करने को लेकर भी वकीलों ने रोष प्रकट किया गया। विरोध स्वरुप पश्चिम उत्तर प्रदेश संघर्ष समिति मेरठ व बॉर कौन्सिल आफ उत्तर प्रदेश के आहवान पर समस्त अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से विरक्त रहे।
उधर नगीना में मंगलवार को अधिवक्ताओ ने न्यायिक कार्य को पूरी तरह बन्द रखा था तो वही डीजीपी यूपी व मुख्य सचिव का पुतला दहन कर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने सहित हापुड़ के डीएम व एसपी के तबादले की मांग की थी।
