Udayprabhat
क्राइम

मेले की जमीन कब्जाने का कर रहे थे प्रयास, डीएम के आदेश पर तोड़ी गई दीवार

बिजनौर| नगीना मेले स्थल पर कुछ ग्रामीणों ने कब्जा करते हुए चार दिवारी कर ली. जिसकी शिकायत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी रमाकांत पांडे से की. शिकायत के आधार पर उपजिलाधिकारी नगीना व सीओ राकेश श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी द्वारा उक्त मेले की जमीन को कब्जा मुक्त कर कमेटी को सौंप दिया.

उप जिलाधिकारी नगीना घनश्याम वर्मा ने बताया कि तहसील क्षेत्र के ग्राम टांडा माई दास में रविदास मेले की जमीन है, जिसमें रविदास मेला सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है. उक्त भूमि पर कुछ लोगों ने अपनी चार दिवारी कर कब्जा कर लिया था. जिसकी शिकायत कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी बिजनौर को एक शिकायती पत्र सौंपते हुए की गई और बताया गया कि उक्त जमीन मेले की है जो गाटा संख्या 219 रविदास मेले के नाम से दर्ज है. जिसे कुछ लोगो ने कब्जाने के लिए चाहर दिवारी करनी शुरू कर दी है. जिस पर जिलाधिकारी ने उक्त जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए उप जिलाधिकारी नगीना को आदेशित किया.
आदेश के आधार पर उप जिलाधिकारी नगीना घनश्याम वर्मा व सीओ नगीना राकेश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ रविदास मेले के स्थान गाटा संख्या 219 पर पहुंचे तथा जेसीबी द्वारा कब्जा की गई भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए मेला कमेटी को सौंप दिया. कब्जा करने वाले लोगों को भविष्य के लिए चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में आपने या किसी ने भी पुनः कब्जा करने की हरकत की तो भू माफिया की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया जाएगा.

Leave a Comment