Udayprabhat
uttrakhand

उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी पर SSP का बड़ा खुलासा, बोले- कोर्ट के आदेश पर कराया जाएगा नार्को टेस्ट

हरिद्वार: अभिनेत्री उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच हरिद्वार पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि उर्मिला सनावर को नार्को टेस्ट से बचाने के लिए गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि रानीपुर कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही इन चर्चाओं को अफवाह बताया।

एसएसपी के मुताबिक, उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज मामले में कई गंभीर धाराएं शामिल हैं, जिनके आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने साफ किया कि इस मामले का नार्को टेस्ट से कोई सीधा संबंध नहीं है।

25 अक्टूबर को सहारनपुर से हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर ब्लैकमेल कर रही थीं। आरोपों के मुताबिक, रविदास धाम अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये की मांग करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें अपलोड करने की धमकी भी दी गई। इन आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

अदालत के आदेश पर नार्को टेस्ट के लिए भेजने की बात

उर्मिला सनावर का नाम अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सामने आया था। इसी बीच उनकी गिरफ्तारी को नार्को टेस्ट से जोड़कर सवाल उठाए जा रहे थे।

इस पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया कि नार्को टेस्ट की जांच दूसरी एजेंसी कर रही है और यह प्रक्रिया स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित अदालत से नार्को टेस्ट कराने का आदेश मिलता है, तो उर्मिला सनावर को महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में टेस्ट के लिए भेजा जाएगा।

पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी दर्ज मुकदमे और उसमें लगाए गए आरोपों के आधार पर की गई है। नार्को टेस्ट से बचाने के लिए गिरफ्तारी किए जाने की बात निराधार बताई गई है। पुलिस ने पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Leave a Comment