Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: खानपुर के विधायक उमेश कुमार ने किया इस्तीफे का ऐलान, किसानों के मुद्दे और विपक्ष से नाराजगी बताई वजह

भराड़ीसैंण: उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने 28 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा में विधायक पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। गैरसैंण में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार और विपक्ष, दोनों पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप

उमेश कुमार का आरोप है कि सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है और किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर काम नहीं हो रहा है। उन्होंने इकबालपुर शुगर मिल का वर्ष 2018 से करीब 120 करोड़ रुपये बकाया होने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि किसानों के इन मुद्दों का समाधान नहीं हो पा रहा है।

विपक्ष पर भी लगाए धोखा देने के आरोप

उमेश कुमार ने विपक्ष को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि वह हमेशा विपक्ष के साथ खड़े रहे, लेकिन विपक्ष ने उन्हें बार-बार धोखा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह न तो बीजेपी में जाएंगे और न ही कांग्रेस में शामिल होंगे।

28 अक्टूबर पर टिकी निगाहें

निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के इस ऐलान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में उनके अगले कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि वह अपने ऐलान के मुताबिक इस्तीफा देते हैं या नहीं और किसानों के मुद्दों को लेकर आगे क्या रणनीति अपनाते हैं।
सवाल यह है कि जब किसानों के बकाया भुगतान और उनकी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि ही सरकार से नाराजगी जता रहे हैं, तो इन मुद्दों का समाधान कब होगा?

 

Leave a Comment