Udayprabhat
uttrakhand

गैरसैंण में कांग्रेस-यूकेडी का का हल्लाबोल, पुलिस ने पानी की बौछारों से खदेड़ा

चमोली: उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के पहले दिन गैरसैंण के भराड़ीसैंण में कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। हालात संभालने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और पानी की बौछारें छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। इस दौरान बैरिकेडिंग में फंसने से यूकेडी का एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया।

कांग्रेस ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, बदहाल सड़कें, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की स्थिति, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिला अपराध, बेरोजगारी, भर्ती घोटाले, पलायन, अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधानसभा परिसर के बाहर कांग्रेस विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और सरकार को घेरा।

दिवालीखाल में कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प

पुलिस ने भराड़ीसैंण विधानसभा भवन से करीब 30 किलोमीटर पहले विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की व्यवस्था की थी। इसके बावजूद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा, प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पूर्व चमोली जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी और हरिकृष्ण भट्ट समेत कई नेता व कार्यकर्ता दिवालीखाल पहुंच गए।

यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

यूकेडी कार्यकर्ता घायल, विधानसभा के नजदीक पहुंचे प्रदर्शनकारी

विधानसभा सत्र के दौरान यूकेडी और अन्य संगठनों ने भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूकेडी कार्यकर्ता पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा परिसर के नजदीक तक पहुंच गए थे। दोपहर तीन बजे तक प्रदर्शनकारियों की आवाजाही और विरोध जारी रहा। इसी दौरान बैरिकेडिंग में फंसने से यूकेडी के एक कार्यकर्ता के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना सामने आई।

विधानसभा के भीतर भी विपक्ष ने सरकार को घेरा

विधानसभा सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस विधानमंडल दल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, महिला अपराध, महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं और पलायन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार प्रभावी जवाब नहीं दे रही है।

Leave a Comment