गैरसैंण (चमोली): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने 122.69 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसका उद्देश्य गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से बचाव के कार्यों की आधारशिला रखी गई।

अन्य शिलान्यास कार्यों में राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण पर 12.16 करोड़ रुपये, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण पर 22.75 लाख रुपये तथा दो मोटर मार्गों से संबंधित कार्य शामिल हैं। इनमें कुमोली रैवान मोटर मार्ग से फरखण्डे मोटर मार्ग और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग से कुमोली रैवान मोटर मार्ग को जोड़ने वाले कार्य किए जाएंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग का उच्चीकरण और 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन शामिल हैं।
इसके साथ ही सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के सुधार एवं डामरीकरण तथा कारगिल शहीद रणजीत सिंह मोटर मार्ग के नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बने फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन का उद्घाटन भी किया गया।
