Udayprabhat
uttrakhand

दून मेडिकल कॉलेज में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, उपनल कर्मियों ने ठप किया काम, समान वेतन की मांग पर अड़े

देहरादून: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर उपनल के सफाई कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार सुबह से 60 कर्मचारी हड़ताल पर चले गए, जिसके चलते अस्पताल की आईपीडी बिल्डिंग में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई।

हड़ताल की सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गीता जैन मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें काम पर लौटने के लिए मनाने का प्रयास किया। हालांकि, कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल के दूसरे विभागों में कार्यरत उपनल कर्मियों को समान कार्य-समान वेतन का लाभ मिल रहा है, लेकिन सफाई कर्मचारियों को इस सुविधा से वंचित रखा जा रहा है। उनका आरोप है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया।

कर्मचारियों के मुताबिक, वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह केवल 10 से 12 हजार रुपये वेतन दिया जा रहा है। पूर्व में प्राचार्या के साथ हुई वार्ता के दौरान उनकी मांग जल्द पूरी करने का आश्वासन मिला था, लेकिन कई महीने गुजरने के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

Leave a Comment