Udayprabhat
uttrakhand

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की समीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

उत्तरकाशी: कलेक्ट्रेट कार्यालय में शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में हो रही सड़क दुर्घटनाओं, उनके कारणों, चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्यों और सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को ब्लैक स्पॉट पर किए जा रहे सुधार कार्यों और अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट संबंधित विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों को मातली में चिन्हित स्थान पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रम्बल स्ट्रिप लगाने को कहा, ताकि तेज रफ्तार के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

जिलाधिकारी ने परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। इसमें ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने और दोपहिया वाहनों में नियमों के उल्लंघन पर किए गए चालानों की जानकारी ली गई। उन्होंने दोनों विभागों को नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि विजय कुमार, एआरटीओ सुवर्णा नौटियाल उपस्थित रहे। वहीं उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, ईई एनएच बड़कोट जितेन्द्र कुमार, बीआरओ के सुमित वर्मा और सीएमओ डॉ. श्याम विजय सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

Leave a Comment