Udayprabhat
uttrakhand

सोमेश्वर में मंत्री रेखा आर्या के कार्यक्रम पर सियासी बवाल, समर्थकों ने किया स्वागत तो कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे

अल्मोड़ा: सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक रेखा आर्या के कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान एक ओर समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ मंत्री का भव्य स्वागत किया, तो दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर अपना विरोध जताया।

जनसभा में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान मंत्री रेखा आर्या ने जनता को संबोधित करते हुए भावुक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर उनकी जन्मभूमि और पहचान से जुड़ा क्षेत्र है। यहां की जनता से उन्हें हमेशा प्यार और सहयोग मिला है। क्षेत्र के लोगों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह सोमेश्वर के विकास के लिए लगातार काम करती रहेंगी।

अपने संबोधन में मंत्री ने निजी जीवन से जुड़े घटनाक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा और जब परिस्थितियां बर्दाश्त से बाहर हो गईं तो उन्होंने इसके खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले की जानकारी क्षेत्र की जनता को है।

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी रेखा आर्या ने जनता के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने खुद को सोमेश्वर की बेटी बताते हुए लोगों से एक बार फिर समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील की।

कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर जताया विरोध

वहीं, मंत्री के कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोमेश्वर के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने काले झंडे दिखाते हुए मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये के कथित घोटाले से जुड़े आरोपों को लेकर सवाल उठाए और अपना विरोध दर्ज कराया।

स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।

Leave a Comment