Udayprabhat
uttrakhand

केदारताल में लापता आठ पर्वतारोहियों की तलाश तेज, हवाई और पैदल मार्ग से रेस्क्यू अभियान जारी

उत्तरकाशी: केदारताल क्षेत्र में लापता सात पर्वतारोहियों और एक गाइड की तलाश के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। सोमवार को हेलिकॉप्टर की मदद से एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की प्रशिक्षित टीम को घटनास्थल के नजदीक उतारा गया। वहीं, पैदल रास्ते से भी बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कच्ची ढांग के पास लापता पर्वतारोहियों के बैग और टेंट बरामद हुए हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को केदारताल से लौटते समय सात पर्वतारोही और एक गाइड भोजखड़क व कच्ची ढांग के आसपास हिमस्खलन की चपेट में आकर फंस गए थे। उनके साथ चल रहे चार पोर्टर अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को सुरक्षित गंगोत्री पहुंच गए थे। पोर्टरों से मिली जानकारी के आधार पर 31 अक्टूबर से लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है।

सोमवार को हवाई रेस्क्यू अभियान के तहत निम और एसडीआरएफ की आठ सदस्यीय टीम को हेलिकॉप्टर से भोजखड़क और कच्ची ढांग के आसपास पहुंचाया गया। इसके अलावा गंगोत्री नेशनल पार्क के कर्मचारियों और स्थानीय ट्रैकिंग एजेंसी के सदस्यों ने पैदल मार्ग से घटनास्थल तक पहुंचकर तलाश की।

बैग और टेंट मिलने से बढ़ी उम्मीद

सर्च अभियान के दौरान कच्ची ढांग के नजदीक पर्वतारोहियों के बैग और टेंट मिले हैं। हालांकि, इन सामानों के आसपास लापता लोगों का पता नहीं चल सका। बचाव दल अब आसपास के इलाकों में उनकी तलाश कर रहा है।

बर्फबारी बनी बचाव अभियान में बाधा

क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम खराब होने और बर्फबारी शुरू होने से रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित हुआ। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के चलते बचाव दल को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले रविवार को भी एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने तलाशी अभियान चलाया था और हेलिकॉप्टर से भी खोजबीन की गई थी।

Leave a Comment