Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में कांग्रेस का ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ अभियान होगा शुरू, इन वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई कमान

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी जमीनों के कथित दुरुपयोग और बंदरबांट के मुद्दे पर कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। पार्टी आगामी 4 नवंबर से प्रदेशभर में ‘भूमि बचाओ, धामी हटाओ’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों और महानगरों में कांग्रेस नेता संबंधित जमीनों और सरकारी संपत्तियों का निरीक्षण कर सरकार को घेरेंगे।

दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद इस अभियान को लेकर रणनीति तैयार की गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस की ओर से जारी जिम्मेदारियों के अनुसार, नैनीताल जिले के पटवाडांगर संपत्ति निरीक्षण भवन और जोलीकोट के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल और जिला अध्यक्ष को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अल्मोड़ा के निरीक्षण भवन और कटारमाल के लिए विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल तथा जिला अध्यक्ष को नियुक्त किया गया है।

रानीखेत के चौबटिया उद्यान पार्क और निरीक्षण भवन के लिए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करन माहरा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हल्द्वानी में एचएमटी रानीबाग की जमीन के मामले में विधायक तिलक राज बेहड़, विधायक सुमित हृदयेश और महानगर अध्यक्ष अभियान का नेतृत्व करेंगे। भीमताल से रामगढ़ क्षेत्र की जमीन के लिए उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक आदेश चौहान को जिम्मेदारी दी गई है।

देहरादून जिले में भी कांग्रेस ने कई महत्वपूर्ण संपत्तियों को अभियान के केंद्र में रखा है। आईडीपीएल ऋषिकेश की करीब 633 एकड़ जमीन के मामले में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष को जिम्मेदारी दी गई है। विकासनगर क्षेत्र की लगभग 180 एकड़ डाकपत्थर भूमि को लेकर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और जिला अध्यक्ष को प्रभारी बनाया गया है।

वहीं, मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट के हाथीपांव क्षेत्र की करीब 142 एकड़ जमीन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

टिहरी गढ़वाल जिले के धनोल्टी में लगभग 247 एकड़ भूमि के मामले में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी और केदारनाथ विधायक लखपत बुटोला अभियान की कमान संभालेंगे।

हरिद्वार जिले में अलकनंदा होटल की संपत्ति को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक ममता राकेश, विधायक अनुपमा रावत और विधायक रवि बहादुर को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा रानीपुर क्षेत्र के सलेमपुर महमूद में स्थित 21 एकड़ जमीन के मामले में विधायक फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाति को अभियान का प्रभारी बनाया गया है।

Leave a Comment