देहरादून: पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर से जुड़े मामले में मंगलवार को होने वाली सुनवाई टल गई। निर्धारित तारीख पर दोनों पक्षों के कोर्ट में उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अब अदालत की ओर से मामले में अगली तारीख निर्धारित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई कोर्ट में मंगलवार को सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की पेशी होनी थी, लेकिन दोनों के अदालत नहीं पहुंचने के चलते सुनवाई नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रविदास धाम को लेकर दबाव बनाने के आरोप लगाए गए थे।
पुलिस ने 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
इसके बाद उर्मिला सनावर की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई। अदालत ने सोमवार को उनकी जमानत याचिका स्वीकार करते हुए 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही राशि के दो जमानती पेश करने की शर्त पर रिहाई के आदेश दिए।
