अगरतला: त्रिपुरा के बॉक्सानगर क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हमले का मामला सामने आया है। आशाबाड़ी इलाके में सोमवार सुबह कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात तीन BSF जवानों के साथ मारपीट की। इस घटना में जवान घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने जवानों के हथियार छीनने की कोशिश की और मौके पर मौजूद एक सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने BSF जवानों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और जल्द न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षाकर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि देश और राज्य की सुरक्षा में तैनात जवानों के खिलाफ हिंसा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मी सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं तथा उन पर हमला बेहद गंभीर मामला है।
