देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके बड़े भाई बृज मोहन सिंह रावत का गुरुवार सुबह निधन हो गया। 72 वर्षीय बृज मोहन सिंह लंबे समय से लिवर संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उनका देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी। स्वास्थ्य में गिरावट आने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बृज मोहन सिंह रावत मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले में सतपुली के नजदीकी क्षेत्र के रहने वाले थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक व्याप्त है। उनके जाने से रावत परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
सीएम धामी ने आवास पहुंचकर व्यक्त की संवेदना
बृज मोहन सिंह रावत के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही त्रिवेंद्र सिंह रावत और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने इस कठिन समय में परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक
त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई के निधन की खबर से उत्तराखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग रावत परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। इस दुखद घड़ी में सभी ने परिवार को धैर्य और संबल मिलने की कामना की है।
