देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का एक नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आगमन से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वन संपदा, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी अब निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले बच्चों के लिए निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कॉलेज विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश मिलने से उन्हें वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
