Udayprabhat
accidentuttrakhand

हरिद्वार में खौफनाक मंजर: गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक पलटने से मलबे में दबीं दो कारें

हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से सर्विस रोड किनारे खड़ी दो कारें उसके नीचे दब गईं। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हरियाणा नंबर की कार में घटना के समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, घटना नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर प्रेमनगर तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने हुई। इन दिनों शुगर मिलों में गन्ने की पेराई का सीजन चल रहा है, जिसके चलते गन्ने से लदे ट्रकों की आवाजाही बढ़ गई है। देर रात एक ओवरलोड ट्रक गन्ना लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया।

ट्रक पलटते ही उसके नीचे खड़ी दो कारें दब गईं। इनमें हरियाणा नंबर की कार पूरी तरह गन्नों और ट्रक के नीचे दब गई, जबकि उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार हरिद्वार में रिश्तेदारी में आया हुआ था। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य कार में मौजूद नहीं थे।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक पर नशे में होने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को खाली कराया गया. हाईवे की सर्विस लेन को सुचारू कर दिया गया है. हादसे में कारों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई है. हादसे की जांच की जा रही है.
-अनुज सिंह, एसएसआई-

 

सूचना मिलते ही कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटवाया और दोनों कारों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सर्विस रोड पर यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़कों पर लगातार दौड़ रहे ओवरलोड गन्ना वाहनों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment