Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड को मिले 36 नए नायब तहसीलदार, 13 बेटियों ने भी मारी बाजी, CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र

देहरादून: उत्तराखंड में राजस्व प्रशासन को मजबूती देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। राज्य को 36 नए नायब तहसीलदार मिल गए हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। खास बात यह रही कि चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 13 बेटियों का सरकारी सेवा में चयन होना प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणादायक है। यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों की सफलता में माता-पिता और गुरुजनों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

जनसेवा को प्राथमिकता देने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही उनके कंधों पर जनता की सेवा की बड़ी जिम्मेदारी भी आ गई है। नायब तहसीलदार राजस्व व्यवस्था की अहम कड़ी होते हैं और उनके फैसलों का सीधा असर आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों पर पड़ता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निर्धारित समय सीमा में किया जाए। विशेष रूप से किसानों की समस्याओं को समझते हुए निर्णय लेने की बात कही।

बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं पर रहे विशेष ध्यान

सीएम धामी ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्य से सुनी जानी चाहिए। लोगों को जरूरी दस्तावेजों और सरकारी प्रक्रियाओं की सही जानकारी मिले, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों से तहसील पहुंचने वाले ग्रामीणों के साथ बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने पर जोर दिया। साथ ही आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों को नुकसान का सही आकलन कर प्रभावित परिवारों तक जल्द राहत पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने को कहा।

Leave a Comment