Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

चीन को 6-2 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, पहली बार FIH वर्ल्ड रैंकिंग में पहुंची पांचवें स्थान पर

Indian Women’s Hockey Rankings: भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नया इतिहास रच दिया है। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (ACT) 2026 में चीन को 6-2 से करारी शिकस्त देने के बाद भारतीय टीम पहली बार FIH वर्ल्ड रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। इससे पहले भारतीय महिला टीम की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग छठे स्थान की थी।

भोपाल में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। मंगलवार को लीग मुकाबले में चीन के खिलाफ भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी बार जीत हासिल की और सेमीफाइनल से पहले अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

भारत की ओर से दीपिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहले क्वार्टर में ही हैट्रिक लगाई। वहीं लालरेमसियामी, नेहा और साक्षी राणा ने एक-एक गोल दागकर टीम की जीत को और बड़ा बना दिया। खास बात यह रही कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चीन के खिलाफ भारतीय महिला टीम की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है।

इस जीत के बाद भारत के कुल 12 अंक हो गए हैं। भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई है। अगले मुकाबले में उसका सामना जापान से होगा। जापान भी 12 अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन कर रहा है और अब तक उसे भी किसी मुकाबले में हार का सामना नहीं करना पड़ा है।

पहली बार टॉप-5 में पहुंची भारतीय टीम

चीन के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत का असर FIH वर्ल्ड रैंकिंग में भी देखने को मिला है। भारतीय महिला हॉकी टीम अब विश्व रैंकिंग में पांचवें पायदान पर पहुंच गई है। अक्टूबर 2003 में FIH की आधिकारिक रैंकिंग शुरू होने के बाद यह भारतीय महिला टीम की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

महिला हॉकी टीम की रैंकिंग

1- नीदरलैंड
2- अर्जेंटीना
3- बेल्जियम
4- स्पेन
5- भारत
6- जर्मनी
7- इंग्लैंड
8- चीन
9- ऑस्ट्रेलिया
10- अमेरिका

Leave a Comment