नई दिल्ली: संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की सबसे अनमोल विरासत है और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में यह देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि संविधान दिवस हम सभी के लिए गर्व और सम्मान का अवसर है। इस दिन हम संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने देश को ऐसा मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि संविधान दिवस केवल संविधान को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि इसमें निहित आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर भी है। उन्होंने देशवासियों से संविधान के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
गौरतलब है कि भारत की संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को इसे पूरे देश में लागू किया गया। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस के तौर पर मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों के बीच संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
बीजेपी मनाएगी संविधान गौरव दिवस
संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में संविधान गौरव दिवस के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना के ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे भारतीय संविधान के महत्व और डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान पर अपने विचार रखेंगे।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी संविधान दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। इसमें दिल्ली के सांसदों और आमंत्रित बुद्धिजीवियों के शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में आयोजित दो कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इन आयोजनों के जरिए संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक परंपराओं और डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
