Udayprabhat
क्राइम

कोटद्वार में हुई डकैती का पर्दाफाश, पुलिस ने लूट के माल के साथ पकड़े बदमाश

  • अंतर्राज्यीय गिरोह के पाँच डकैत मुजफ्फनगर (उ0प्र0) से किये गिरफ्तार अभियुक्तों से डकैती का माल भी बरामद
  • पुलिस महानिदेशक, महोदय द्वारा घटना के अनावरण हेतु पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु दिया 20 हजार का ईनाम

पौड़ी गढ़वाल| कोटद्वार के सिताबपुर क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने खुलासा किया है. डकैती में शामिल पांच अभियुक्तों को मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात भी बरामद किये हैं. 25 दिसंबर की सुबह सिताबपुर निवासी प्रमोद कुमार प्रजापति के आवास पर पांच हथियार बन्द लोगं ने डाका डाल दिया था. सुबह-सुबह हुई लूट की इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत फैल गई थी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले पर जल्दी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को लूट के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है. डकैतों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने 7 टीमें गठित की थीं. पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी सहायता एवं सुराग पतार कर 09 दिनों के लगातार अथक प्रयास से 03 जनवरी, 2021 को अभियोग में संलिप्त अभियुक्त राजकुमार उर्फ छोटा व उसके 04 साथियों को थाना चरथावल क्षेत्र जिला मुजफ्फरनगर (उ0प्र0) से डकैती के माल सहित गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, उत्तराखण्ड ने श्रीमती नीरू गर्ग, पुलिस उपमहानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र एवं श्रीमती पी0 रेणुका देवी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पौड़ी गढ़वाल की विशेष सराहना की है. साथ ही घटना का अनावरण करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु 20 हजार का ईनाम देने की घोषणा करते हुए कहा कि पुलिस टीम ने बहुत अच्छा काम किया है, टीम को मेडल प्रदान किये जाने पर भी विचार किया जाएगा.

पूछताछ में अभियुक्त राजकुमार उर्फ छोटा ने बताया कि प्रवीण प्रजापति, जो कि प्रमोद कुमार का करीबी रिश्तेदार है उसने ही डकैतों को बताया कि वह काफी धनवान व्यक्ति है और अन्य जानकारियां भी दी. इसके अलावा अभियुक्त राजकुमार व अभियुक्त कपिल कुमार उर्फ रावण उर्फ बड़ा ने अपने साथी अंकित उर्फ बबलू पुत्र प्रदीप निवासी ग्राम बिरालसी थाना चरथावल जिला मुजफ्फनगर (उ0प्र0) के साथ मिलकर दिनांक 13.09.2020 थाना कनखल जनपद हरिद्वार क्षेत्र में 22 लाख लूट की घटना कारित करना भी बताया जिस सम्बन्ध में थाना कनखल जनपद हरिद्वार में अभियोग पंजीकृत है. अभियुक्त गणों द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश व अन्यत्र भी लूट/डकैती की घटना करना प्रकाश में आया है आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है.
अपराधियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट में भी अभियोग पंजीकृत किये गये हैं. अभियोग में वांछित अभियुक्त प्रवीण प्रजापति पुत्र चन्द्रपाल व अंकित पुण्डीर पुत्र प्रदीप अभी फरार चल रहे हैं.

Leave a Comment