सुरक्षा दीवार की मरम्मत न होने से हाथी व वन्यजीव बेधड़क किसानों की फसल कर रहे बरबाद- पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी
कोटद्वार । जनपद पौड़ी के कोटद्वार विधानसभा में वन क्षेत्र से सटे गांवों में पूर्व में बनी हाथी सुरक्षा दीवालों की मरम्मत न किये जाने पर आये दिन वन्यजीवों व हाथियों द्वारा किसानों तकी खेती को भारी नुकसान किये जाने को लेकर पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने दु:ख व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय विधायक पर क्षेत्र के विकास के प्रति उदासीनता का आरोप लगाया। हाथियों के द्वारा लगातार आबादी क्षेत्र में घुसकर खेती व बाग बागिचों के नुकसान का जायजा लेने के लिए लालपानी से सनेह का क्षेत्रीय भ्रमण करते हुए पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि वर्ष 2013-14 में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उनके अथक प्रयासों से रामपुर क्षेत्र से लेकर सनेह तक लगभग पंद्रह सौ मीटर हाथी सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया गया था, जिससे हाथियों का आबादी क्षेत्र में आने पर रोकथाम हो गयी थी, लेकिन वर्ष 2017 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने के बाद उक्त हाथी सुरक्षा दीवार जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गयी है, हाथी सुरक्षा दीवार की मरम्मत न होने से अब हाथी बेधड़क सुरक्षा दीवार के टूटे रास्तों से आबादी क्षेत्र में आकर किसानों की खड़ी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। उन्हें स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कि अब हाथी बगीचों में घुसकर वर्षों से पाले-पोसे पेड़ों,पौधों, तैयार साग सब्जी को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, पूर्व काबिना मंत्री ने क्षेत्रीय विधायक पर भी विकास कार्यो के प्रति निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय विकास के वादे करने के पश्चात भी कोटद्वार विधानसभा का विकास लगभग पूर्ण रूप से ठप सा हो गया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधानसभा में झंडीचौड, सिगड्डी, मवाकोट, कलालघाटी, लालपानी, रामपुर, कोटड़ीढांग सनेह सहित आवश्यक जगहों पर हाथी सुरक्षा दीवाल बनाये जाने की पुरजोर मांग की।
