Udayprabhat
उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

झारखंड में ईडी की छापामारी में करोड़ों रुपये बरामद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड में ईडी की छापामारी में करोड़ों रुपये बरामद होने को लेकर तंज कसा है। उन्होंने ओडिशा में आयोजित रैली में कहा कि घर जाकर टीवी पर देखना पड़ोस के झारखंड में नोटों के पहाड़ मिल रहे हैं। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनता की तरफ कुछ सवाल भी उछाले।ओडिशा के नबरंगपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि BJD 25 साल में आपकी मुश्किलें कम नहीं कर पाई है… एक बार भाजपा को मौका देकर देखिए, पांच साल में हम ओडिशा को नंबर वन बना देंगे। भाजपा आपकी हर समस्या का समाधान करेगी। भाजपा के लिए आपका कल्याण ही सर्वोपरि है।

उन्होंने एक और पड़ोसी राज्य का उदाहरण दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आपके पड़ोस में ही छत्तीसगढ़ है, वहां 15 साल भाजपा की सरकार रही, हाल ही में प्रदेश की जनता ने फिर से भाजपा को भारी बहुमत से चुन लिया। आज छत्तीसगढ़ की सरकार को एक आदिवासी बेटा चला रहा है। भाजपा, छत्तीसगढ़ को संवार रही है। ओडिशा के नबरंगपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपने देखा होगा, अभी घर जाओगे तो टीवी पर देखना। आज यहां पड़ोस में झारखंड में नोटों के पहाड़ मिल रहे हैं… नोटों के पहाड़ा। लोगों का चोरी किया माल पकड़ा रहा है मोदी वहां।
उन्होंने कहा कि अब मुझे बताइए कि मैं चोरी बंद कर दूं, इनकी कमाई बंद कर दूं, इनकी लूट बंद कर दूं तो ये मोदी को गाली देंगे कि नहीं देंगे?उन्होंने कहा कि गाली खाकर भी मुझे ये काम करना चाहिए कि नहीं करना चाहिए? आप मुझे बताइए कि क्या आपकी पाई-पाई बचानी चाहिए या नहीं? इसलिए मोदी ने जनधन खातों, आधार और मोबाइल की ऐसी त्रिशक्ति बनाई कि गरीबों का पैसा लूटना बंद हो गया।

अब घर बनाने का पैसा सीधा आपके खाते में, गैस का पैसा सीधा आपके खाते में, मनरेगा, किसान सम्मान निधि का पैस सीधा आपके खाते में जाता है। यानी सबको लाभ, सीधा लाभ, कोई भेदभाव नहीं और ये मोदी की गारंटी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को कनेक्ट करने का प्रयास करते हुए कहा कि ओडिशा के लोगों में दम भी है और जज्बा भी है, लेकिन मुझे ये देखकर दुख होता है कि बीजद (BJD) सरकार ने आपको सही अवसर नहीं दिए। मोदी जो योजनाएं बनाता है, उनको BJD सरकार ने लागू नहीं होने दिया। जो लागू हुईं, उनमें BJD ने अपने भ्रष्टाचार का ठप्पा लगा दिया।उन्होंने ओडिशा में भाजपा का संकल्प पत्र जारी होने को लेकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि कल ओडिशा भाजपा ने बहुत ही शानदार संकल्प पत्र जारी किया है और इसके लिए ओडिशा भाजपा के सभी लोग बधाई के पात्र हैं।

Leave a Comment