Udayprabhat
uttrakhand

8वीं वाहिनी आईटीबीपी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 65वां स्थापना दिवस

गौचर: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की आठवीं वाहिनी ने शनिवार को गौचर परिसर में बल का 65वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर वाहिनी के सेनानी मनोहर सिंह रावत के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया। सैन्य टुकड़ी ने परेड प्रस्तुत कर बल ध्वज को सलामी दी और बल गीत का गायन किया।

स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सेनानी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि भारत-चीन युद्ध के बाद देश की उत्तरी सीमाओं की सुरक्षा और निगरानी के उद्देश्य से 24 अक्टूबर 1962 को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि हिमवीरों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के चलते बल ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवान प्रतिकूल भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में दिन-रात सीमाओं की सजगता से निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही जवान आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का भी दृढ़ता से निर्वहन कर रहे हैं।

सेनानी ने कहा कि आठवीं वाहिनी अपने जिम्मेदारी वाले सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Comment