धर्मनगरी और आसपास क्षेत्रों का पारा लगातार चढ़ रहा है। तन झुलसाने वाली गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर में लू के थपेड़ों के चलते गली मोहल्ले और बाजारों में सन्नाटा पसर रहा है। शाम के वक्त ही चहल पहल दिख रही है। इधर गर्मी से निजात पाने को लोग गंगा घाटों का रुख कर रहे हैं।
हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप और आसपास गंगा घाटों पर गुरुवार देर शाम तक खासी चहल पहल रही। प्रेमनगर आश्रम घाट के अलावा ज्वालापुर क्षेत्र के घाटों की भी रौनक देखते ही बन रही है। गर्मी से निजात पाने को लोग गन्ने का रस और बेल शर्बत खूब पसंद कर रहे हैं। खीरा, तरबूज, ककड़ी, खरबूजा, शीतल पेय आदि की मांग में भी तेजी आयी है।हरिद्वार में पिछले एक सप्ताह का तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम 25 मई 39.0 26.0 26 मई 40.2 27.2 27 मई 41.5 26.0 28 मई 42.0 23.5 29 मई 41.5 22.5 30 मई 42.5 29.5 31 मई 43.6 25.5
हरिद्वार जिले में एक और दो जून को लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद तीन और पांच जून को अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने, तेज हवा चलने के साथ आंधी आने की संभावना है। साथ ही इस बीच हल्की वर्षा का भी पूर्वानुमान है।शुक्रवार सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। बहादराबाद स्थित ऋतु आलोकशाला से मिली जानकारी के अनुसार अधिकतम तापमान 43.6 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और उमस के चलते पंखे, कूलर और एसी से मामूली राहत ही मिल रही है।
शिक्षानगरी में भीषण गर्मी ने शुक्रवार को भी लोगों को बेहाल किए रखा। सुबह से ही आसमान में तीखी धूप खिल गई। जबकि सुबह दस बजे के बाद ही त्वचा झुलसा देने वाली धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर में तो आसमान से धूप के रूप में आग बरसती रही।
चिलचिलाती धूप के अलावा गर्म हवा भी चली। तीखी धूप और लू से बचाव के लिए लोग कई तरह से बचाव करते हुए दिखाई दिए। इसके बावजूद प्रचंड गर्मी ने दिनभर लोगों को पसीना-पसीना किए रखा। शहर के अलावा आसपास के देहात क्षेत्र में भी भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल किए हुआ है।
