लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा पूर्ण बहुमत से चूक गई।एनडीए ने कुल 293 सीटें हासिल करके 272 सीटों (बहुमत) का आंकड़ा पार किया है और एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है। इसी के साथ नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद से अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को दे दिया है। वह एक बार फिर 9 जून को पीएम पद की शपथ लेने वाले हैं।
पीएम ने ईवीएम पर उठाए गए सवालों को लेकर विपक्ष पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने 4 जून को परिणाम वाले दिन का एक वाकया साझा करते हुए कहा कि ईवीएम जिंदा है या मर गया…। उन्होंने कहा कि शाम होते-होते ईवीएम पर सवाल उठाने वाले विपक्षियों के मुंह पर ताला लग गया। ये लोग ईवीएम के खिलाफ झूठ का षडयंत्र लेकर बैठे थे।
मोदी बोले- किसी भी पार्टी का सांसद हो मेरे लिए सभी समान होंगे। कहा कि विकसित भारत के अपने सपने को साकार करके रहेंगे। मोदी ने दक्षिण के राज्यों में एनडीए को मिली बढ़त का जिक्र किया। इस दौरान विशेष रूप से केरल का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां हमारी विचारधारा को लेकर हमारे कार्यकर्ताओं पर जुल्म किया गया। इतना तो जम्मू-कश्मीर में भी नहीं हुआ था। आज पहली बार केरल से हमारा प्रतिनिधि सदन में होगा। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बड़ी जीत पर भी बयान दिया। पीएम ने कहा, ”एनडीए ने 30 साल के समय में 5 साल के 3 कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण रूप से पूरे किए है। अब यह अपने चौथे कार्यकाल में प्रवेश करने जा रहा है।”
पीएम ने इस दौरान दिवंगत पूर्व पीएम अटल बिहार वाजपेयी, शरद यादव, जॉर्ज फर्नांडीस जैसे नेताओं का जिक्र किया। कहा कि जो बीज उन्होंने बोया था। उसे जनता ने अपने विश्वास से सींचकर विशाल वटवृक्ष बना दिया है।
एनडीए का यह कार्यकाल तेज फैसलों और विकास का है। अब देश को पांचवीं से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है।” पीएम ने इस दौरान जी-20 समिट का भी जिक्र किया। कहा कि हम चाहते तो एक ही जगह पर कार्यक्रम आयोजित पूरा कर फोटो खिंंचवा लेते, लेकिन हमने अलग-अलग राज्यों में 200 जगहों पर यह कार्यक्रम आयोजित किए। विदेशों में लोग अब जाकर भारत की विशालता और विविधता की चर्चा कर रहे हैं।
न हम हारे थे, न हारे हैं; हम विजय को पचाना जानते हैं। कहा कि पहले भी (2014 में) एनडीए था, कल (2019 में) भी एनडीए था और आज (2024 में) भी एनडीए है। 10 साल बाद भी कांग्रेस 100 सीटों का आंकड़ा नहीं छू पाई।पीएम ने नवनिर्वाचित सांसदों का स्वागत किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का जिक्र करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। पीएम ने एनडीए को तीसरी बार बहुमत मिलने पर सहयोगियों का धन्यवाद दिया। जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी 15 वर्ष (तीसरे कार्यकाल) के लिए पीएम बनने जा रहे हैं। आप जब तक पीएम है कोई भी भारत की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकता है।
संविधान सदन (पुरानी संसद) के सेंट्रल हॉल में एनडीए के संसदीय दल की बैठक शुरु हो चुकी है। एनडीए के सहयोगी दलों के पार्टी प्रमुखों का स्वागत किया जा रहा है। मीटिंग में अमित शाह, जेपी नड्डा, नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू, नरेंद्र माेदी उपस्थित हैं।
