प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नई कैबिनेट की पहली बैठक आज यानी सोमवार को शुरू हो गई है। बैठक पीएम के लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर हो रही है। राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी समेत मोदी कैबिनेट के सभी मंत्री बैठक में मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सोमवार से ही नरेन्द्र मोदी काम पर जुट गए हैं। पद ग्रहण करते ही उन्होंने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त से जुड़ी फाइल साइन की। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात की। पीएमओ में उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका शुरू से प्रयास रहा है कि पीएमओ सेवा का अधिष्ठान और People’s PMO बने। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का मतलब सामर्थ्य, समर्पण और संकल्पों की नई ऊर्जा है। मोदी कैबिनेट 3.0 की पहली बैठक जारी है। बैठक की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें पीएम मोदी सभी कैबिनेट मंत्रियों के साथ नजर आ रहे हैं ।उत्तर पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद योगेन्द्र चंदोलिया ने कहा कि पीएम मोदी के पिछले 10 साल अद्भुत थे और आने वाले पांच साल सुनियोजित हैं। आने वाले दिनों में सभी सांसदों का 100 दिनों तक परीक्षण किया जाएगा। 100 दिनों के भीतर मैं अपने क्षेत्र में काम करके दिखाउंगा और 8 महीने बाद जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव होंगे तब मेरी परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि आज पूरे क्षेत्र में जहां लोग विकास की गारंटी मांग रहे हैं, वहीं नरेला से बवाना तक मेट्रो को लेकर बड़ी समस्या है। मुझे बहुत खुशी है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक में मेट्रो के विस्तार का निर्णय लिया जाएगा, इससे मेरी प्रतिबद्धता पूरी होगी।
previous post
