कांग्रेस सांसद शशि थरूर के एक्स पोस्ट पर बवाल थमता नहीं दिख रहा है। उत्तर प्रदेश पर उनके विवाद पोस्ट पर अब समाजवादी पार्टी के सांसद ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश का मजाक बनाने वालों को मुंह की खानी पड़ेगी। इससे पहले कई भाजपा नेताओं ने भी शशि थरूर को आड़े हाथों लिया।
फजाल अंसारी ने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश का मजाक उड़ा रहे हैं, उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी। समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी सोमवार को 18वीं लोकसभा के पहले सत्र में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचे हैं। प्रोटेम स्पीकर पर अंसारी ने सरकार के फैसले की निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ सदस्य की नियुक्ति करना बेहतर होता। भाजपा ने थरूर के बयान की कड़ी अलोचना की और इसे बेशर्मी भरी राजनीति करार दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शशि थरूर पर श्रेष्ठता की भावना का प्रदर्शन करने का आरोप लगाया।
शशि थरूर ने उत्तर प्रदेश से जुड़ा एक अपत्तिजनक पोस्ट अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा किया। भाजपा इस मामले पर शशि थरूर पर हमलावर है तो वहीं अब उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। शशि थरूर ने 23 जून को एक कॉपी की फोटो अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा की। कॉपी में एक सवाल लिखा है, “उत्तर प्रदेश किसे कहते हैं?” इसके नीच जवाब लिखा कि वह प्रदेश जहां परीक्षा से पहले उत्तर का पता चल जाए, उसे उत्तर प्रदेश कहते हैं।” शशि थरूर ने पोस्ट में हैशटैग “परीक्षा पे चर्चा” लिखा है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने थरूर द्वारा स्टीरियोटाइपिंग और पूरे राज्य को तुच्छ बताने पर निराशा व्यक्त की। पुरी ने भारतीय सभ्यता, साहित्य और राजनीति में उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने थरूर को आत्मनिरीक्षण की सलाह दी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शशि थरूर पर हमला बोला।
