Udayprabhat
Breaking Newsराजनीति

काशीपुर : आत्मदाह के प्रयास में सपा मेयर प्रत्याशी हिरासत में

वोट देने के अधिकार से वंचित हैं ग्राम बेलजूड़ी के 403 मतदाता

काशीपुर। सपा के मेयर प्रत्याशी नदीम अख्तर पूर्व चेतावनी के तहत महाराणा प्रताप चौक पर पेट्रोल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस ने आत्मदाह से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया।

बताते चलें कि ग्राम बेलजूड़ी के कुछ रकबे को नगर निगम की सीमा विस्तार के आदेश पर शामिल करने का आदेश 2018 में हुआ था। उसके बाद आज तक वहां के 403 वोटरों को शामिल नहीं किया गया और वे मताधिकार से वंचित हैं। इसी के विरोध में पिछले सप्ताह सपा मेयर प्रत्याशी नदीम अख्तर ने प्रशासन को आत्मदाह की चेतावनी दी थी। उपजिलाधिकारी से वार्ता के बाद नदीम अख्तर ने स्पष्ट कर दिया था कि यदि इन 403 वोटर्स को मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया तो वह आत्मदाह के अपने निर्णय पर अटल रहेंगे।

बुधवार को नदीम अख्तर महाराणा प्रताप चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं के साथ पेट्रोल की बोतल हाथ मे लेकर पहुंचे। मौके पर तैनात पुलिस ने आत्मदाह से पहले ही नदीम अख्तर को सपा कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी को लेकर नदीम अख्तर ने कहा कि वह 403 वोटर्स को शामिल करने के लिए 403 बार भी गिरफ्तार होने को तैयार हैं। यह तानाशाह सरकार लोगों के अधिकारों को छीनना चाहती है। लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश को किसी भी कीमत पर नाकाम किया जाएगा। सपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचकर वहां जमकर नारेबाजी की।

Leave a Comment