– जन संगठनों की मांगों पर आम लोगों ने जताई सहमति
देहरादून : नगर निगम चुनावों के मद्देनजर जन संगठनों की ओर चलाये जा रहे ‘संपर्क एवं संवाद’ अभियान के तहत आज गांधी पार्क से शहीद स्थल तक जुलूस निकाला गया और आम नागरिकों को चुनाव के प्रति जागरूक करने के लिए पर्चे बांटे गये। शहीद स्मारक पर आये बीजेपी मेयर पद के उम्मीदवार सौरभ थपलियाल को जनता का एजेंडा भी सौंपा गया।
उत्तराखंड इंसानियत मंच और उत्तराखंड महिला मंच सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग दोपहर को गांधी पार्क के बाहर एकत्रित हुए। यहां से ये लोग जुलूस की शक्ल में जनता के मुद्दों का पर्चा बांटते हुए घंटाघर, पल्टन बाजार, धामावाला, राजा रोड होते हुए कचहरी स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। शहीद स्मारक आये बीजेपी के मेयर पद के उम्मीदवार को जन संगठनों की ओर से जनता का एजेंडा सौंपा गया। इस एजेंडे में मुख्य रूप से चार मांगें रखी गई हैं। इनमें शहर में विकास के नाम पर भविष्य में एक भी पेड़ न कटने देना, युवाओं को ड्रग्स से बचाने के लिए काम करना, हर वार्ड में पेड़ों की हदबंदी वाले पार्क बनाना और सड़कें खोदने की स्थिति में तय समय के भीतर उन्हें ठीक करना शामिल हैं।
