देहरादून: उत्तराखंड में पहली बार होने जा रहे राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां जोरों शोरों पर चल रही हैं. तमाम संबंधित विभाग लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. इसी क्रम में 38वें राष्ट्रीय खेल के दौरान खिलाड़ियों और मेहमानों को जरूरत पड़ने पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ दिया जा सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 141 टीमों का गठन किया है. 28 जनवरी से लेकर 14 फरवरी तक ये टीमें अलर्ट मोड में रहेंगी. इस दौरान जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस से लेकर हेली एंबुलेंस तक की सुविधा भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग ने बडे़ स्तर पर राष्ट्रीय खेलों के लिए अपनी तैयारियां भी की हैं. स्वास्थ्य सचिव डाॅ आर राजेश कुमार ने बताया कि राज्य स्तर पर राज्य नोडल अधिकारी, उप नोडल अधिकारी और सह नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं. जिला स्तर पर जिला नोडल अधिकारी मुख्य चिकित्साधिकारी और सह नोडल अधिकारी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी बनाए गए हैं. एंबुलेंस के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं.
इसके साथ ही महाराणा प्रताप स्टेडियम, देहरादून के धनवंतरी ब्लॉक में 10 बैडेड अस्पताल खिलाड़ियों के लिए संचालित किया जाएगा. इसी तरह, आईजीआईसीएस स्टेडियम, हल्द्वानी में दो बैडेड अस्पताल संचालित किया जाएगा. खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां और उपकरण खरीदे जा रहे हैं.
