Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandweather

उत्तराखंड के कई जिलों में आज भारी बारिश और बर्फबारी, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड के अधिकतर जनपदों में बीते गुरुवार को बारिश देखने को मिली। राज्य के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ भारी बर्फ़बारी भी देखने को मिली. वहीं शुक्रवार यानि आज भी राज्य के ज्यादातर जिलों में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज राज्य में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इस सीजन की सर्दियों में पहली बार दो दिन से लगातार हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। देहरादून में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 12.3 डिग्री का अंतर देखने को मिला। इस सीजन में पहली बार पश्चिमी विक्षोभ इस मजबूती के साथ सक्रिय हुआ है। राज्य में दो दिन हुई लगातार बारिश-बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है। गुरुवार को राज्य के चारों धामों सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई. प्रदेश के सभी हिल स्टेशन बर्फबारी से ढक गए हैं. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फरवरी के अंत में हुई वर्षा और बर्फबारी ने प्रदेश के ग्लेशियरों को पुनः चार्ज कर दिया है, जिससे आगामी दिनों में राहत की उम्मीद है। इस बारिश और बर्फबारी के कारण नदियां भी पुनः चार्ज हुई हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव गर्मियों में देखने को मिलेगा, जिससे जल संकट जैसी समस्याओं में कमी आएगी।

मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश व कुछ जगहों पर (3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र) में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है.देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अनुमान जताया है. जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पौड़ी, चंपावत और अल्मोड़ा जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने/ ओलावृष्टि होने की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है. बता दें कि बीते दिन से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. जिसके प्रदेश में ठंड एक बार फिर लौट आई है.

Leave a Comment