ऋषिकेश: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू होने जा रही है, इसको लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 25 अप्रैल को ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप का दौरा किया। इस मौके पर, उन्होंने ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना के पहले चरण के तहत नगर निगम परिसर में मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। साथ ही, राफ्टिंग बेस स्टेशन और कार्यालय भवन के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया।

इसके बाद, सीएम धामी ने ट्रांजिट कैंप परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों से यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करने दें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस बार की चारधाम यात्रा ऐतिहासिक होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। सरकार ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश और उसके आस-पास के क्षेत्र को एक आइकॉनिक सिटी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां बिना किसी समस्या का सामना करें और अधिक से अधिक पर्यटक इस क्षेत्र में आयें।
सीएम धामी ने उल्लेख किया कि ऋषिकेश के समीप गंगा में राफ्टिंग पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन चुकी है। राफ्टिंग बेस स्टेशन के निर्माण से पर्यटकों का रुख और अधिक राफ्टिंग की ओर बढ़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा का पहला पड़ाव ऋषिकेश है, इसलिए यहां अधिक से अधिक सुविधाओं का निर्माण करना सरकार की प्राथमिकता है। ज्ञात हो कि 30 अप्रैल को चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा, और 28 अप्रैल को यात्रा के लिए संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति की बसों का पहला बेड़ा रवाना होगा, जिसके लिए मुख्यमंत्री धामी सहित अन्य मंत्री बसों को हरी झंडी दिखाने के लिए ऋषिकेश पहुंचेंगे।
